सेक्टर-12 स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के ऑफिस से सटकर लंबे समय से अटकी पड़ी नगर निगम की बिल्डिंग के दिन बहुरने वाले हैं। नगर निगम इस बिल्डिंग को स्वयं तैयार करने की प्लानिंग कर चुका है। नई प्लानिंग के अनुसार बिल्डिंग को 7 मंजिला बनाया जाएगा। इसको लेकर मूल्यांकन चल रहा है। बता दें कि इस बिल्डिंग का निर्माण कार्य नगर निगम की ही योजना के तहत 2 मंजिला बनाने के लिए शुरू हुआ था। इस बिल्डिंग के लिए करीब 42 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ था। बाद में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने इस प्रॉजेक्ट को अपने हाथ में लेने के लिए प्रस्ताव पेश किया था।
इसके साथ ही इसे 7 मंजिल बिल्डिंग के रूप में विकसित करने की योजना बनाई। 7 मंजिल बनाने की परियोजना की लागत 72 करोड़ रुपये रखी गई, लेकिन अब नगर निगम इस कार्य को एफएमडीए को न सौंप
कर स्वयं ही करेगा।
मौजूदा स्थिति का हो रहा मूल्यांकन: निगम अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग की मौजूदा स्थिति का मूल्यांकन किया जा रहा है। बिल्डिंग की अब तक हुई प्रगति, अधूरे हिस्से और गुणवत्ता की जांच के बाद शेष कार्य की लागत का नया आंकलन तैयार किया जाएगा। यह कार्य निगम अपने इंजीनियरिंग विंग की देखरेख में कर रहा है। इसके बाद कार्य के लिए टेंडर निकाला जाएगा। बिल्डिंग तैयार होने के बाद निगम अधिकारी, कर्मचारी व लोगों को राहत मिलेगी।
500 गाड़ियों की पार्किंग की सुविधा होगी: विभागीय सूत्रों के अनुसार नई बिल्डिंग को आधुनिक सुविधाओं से लैस तैयार किया जाएगा, जिसमें 2 बेसमेंट होंगे, जहां करीब 500 गाड़ियों की पार्किंग की सुविधा होगी। इससे निगम कार्यालय में विभिन्न कार्यों को लेकर आने वाले कर्मचारी और लोगों को पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी। इसके साथ ही बिल्डिंग परिसर में रेन वॉटर हारवेस्टिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा, जिससे बारिश का पानी भूजल रिचार्ज के लिए जमीन में जा सके। बिल्डिंग में फायर अलार्म सिस्टम और सौर ऊर्जा संयंत्र जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।