बल्लभगढ़ की जनता को एक और बड़ी सौगात देते हुए लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त 600 सीटों वाले वातानुकूलित सभागार का शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विधिवत उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक मूलचंद शर्मा ने की।
उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत हवन से की गई जिसके उपरांत सभागार का लोकार्पण किया गया। इस नवनिर्मित सभागार में बड़ा हॉल, लिफ्ट, रैंप इत्यादि सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस ऑडिटोरियम का नाम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं शैक्षिक गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहित करेगा। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन में बल्लभगढ़ की कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, लेकिन वर्ष 2014 के बाद से विधायक मूलचंद शर्मा ने विकास का बीड़ा उठाते हुए बिजली, पानी, सीवर, शिक्षा एवं आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज बल्लभगढ़ में लगभग 95% विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। सचिवालय से लेकर ऑडिटोरियम का निर्माण, सोहना जाने वाले डबल पुल की मंजूरी, रेलवे आरओबी एवं अंडरपास और एलिवेटेड पुल का निर्माण इसके उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को बिजली की तारों के जाल से मुक्ति दिलाने के लिए केंद्र सरकार से 2800 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसके टेंडर खुलते ही आने वाले डेढ़ से दो वर्षों के भीतर शहर की सभी बिजली की तारों को भूमिगत किया जाएगा। इससे न केवल शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि बिजली के खंभे हटने से सड़कों का चौड़ीकरण भी संभव हो सकेगा। साथ ही, पेड़ों की अकारण छंटाई नहीं करनी पड़ेगी, जिससे हरित क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा देश और प्रदेश
सहित पूरे फरीदाबाद में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के निवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता बल्लभगढ़ क्षेत्र का चहुँमुखी विकास है और विकास की गति में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आने दी जाएगी। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने भी इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बल्लभगढ़ का यह ऑडिटोरियम क्षेत्र की जनता के लिए एक ऐतिहासिक धरोहर साबित होगा। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में भाजपा सरकार के सहयोग से बल्लभगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी, बिजली और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इस अवसर पर बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि बल्लभगढ़ के विकास पुरुष, विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा के प्रयासों से बल्लभगढ़ में आमूल-चूल परिवर्तन हुआ है।
नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी ने भी अपने संबोधन में कहा कि बल्लभगढ़ का यह नवनिर्मित सभागार न केवल सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों को नई पहचान देगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण धरोहर साबित होगा। इस मौके पर चेयरमैन हुकम सिंह भाटी, जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, पार्षद योगेश शर्मा, पार्षद सोनू वैष्णव, पार्षद महेश गोयल, पार्षद किरण बाला, पार्षद संगीता भारद्वाज, पार्षद रवि भगत, पूर्व विधायक राजेंद्र बीसला, भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा, मंडल अध्यक्ष गौरव विरमानी, मंडल अध्यक्ष संजय जांगड़ा, मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह, मंडल अध्यक्ष पवन सैनी, मंडल अध्यक्ष विपिन त्यागी, पूर्व पार्षद दयाचंद यादव, प्रेम खट्टर, भगवानदास गोयल, पूर्व पार्षद हरप्रसाद गौड़, निगम कमिश्नर धीरेंद्र खडगटा, SDMसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, निगम जॉइंट कमिश्नर करण सिंह, DCP राजकुमार वालिया, नगर निगम के अधीक्षक अभियंता ओमवीर सिंह, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता प्रकाश लाल आदि
गणमान्यजन लोग मौजूद रहे।