कोचिंग से घर लौट रही छात्रा पर सरेआम गोलियां बरसाकर उसकी जान लेने का प्रयास करने के आरोपी जितेंद्रं उर्फ जतिन को सेक्टर 65 क्राइम ब्रांच टीम ने धर दबोचा। पुलिस के अनुसार इकतरफा प्यार में पागल जतिन छात्रा पर जबरन प्रेम प्रस्ताव का दबाव डाल रहा था। छात्रा के बार बार ठुकराए जाने पर फिल्मी अंदाज में उसकी जान लेने पर आमादा हो गया था। फिलहाल रिमांड पर लेकर पुलिस जतिन से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
बल्लभगढ़ शहर थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा बीती 3 नवंबर की शाम कोचिंग पढ़ने के बाद अपने सहेलियों के साथ घर लौट रही थी। श्याम कॉलोनी की गली में जितेंद्र उर्फ जतिन पहले से ही बाइक पर खड़ा था। छात्रा जैसे ही उधर से गुजरी जतिन बाइक से उतरा और तमंचे से निशाना साध उस पर कई गोलियां दाग दीं। इसके बाद आराम से बाइक पर बैठ कर फरार हो गया। गोलियां चलने से इलाके में दहशत व्याप्त हो गई और घायल छात्रा ने किसी तरह घर पहुंच कर आपबीती सुनाई।
परिजनों ने उसे आनन फानन अस्पताल पहुंचाया और इलाज कराया। छात्रा की शिकायत पर शहर बल्लभगढ़ थाने में हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर 65 की टीम को सौंपी गई। टीम ने मुखबिरों की मदद और छानबीन कर आरोपी जीतेंद्र उर्फ जतिन को उसके घर सिरमथला, जिला गुरुग्राम से पकड़ने में कामयाबी हासिल की। पुलिस प्रवक्ता एसआई यशपाल के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह रावल इंस्टिट्यूट कॉलेज, जखोपुर फरीदाबाद में लेखाकार शाखा में काम करता है। वर्ष 2024 में उसकी पीड़िता से पहचान हुई थी। इसके उपरांत वह निरंतर छात्रा का पीछा करता रहा और दोस्ती का दबाव बनाता रहा।