हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत वीरवार यानि आज नगर निगम द्वारा सभी वार्डों में मेगा सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत हर वार्ड की हर कॉलोनी, सड़क, गली, पार्क, खाली प्लाट, धार्मिक स्थल, स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थल समेत विभिन्न स्थानों की सफाई की जाएगी। मेगा सफाई अभियान के तहत हर वार्ड में स्वच्छता अभियान को लेकर स्वच्छता समारोह आयोजित होंगे।
जिनमें आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। बुधवार को नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद (IAS) ने अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार व नोडल अधिकारियों के साथ मेगा सफाई अभियान की तैयारियां का जायजा लिया। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को मेगा सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए कड़े निर्देश दिए।नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद बुधवार सुबह सबसे पहले अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, निगम अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, कनिष्ट अभियंता गगन संधू के साथ वार्ड नंबर 2 के नंदलाल ग्राउंड पहुंचे।
यहां पर वीरवार को आयोजित होने वाले स्वच्छता समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल मुख्य अतिथि होंगे। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने समारोह स्थल का जायजा लिया। नोडल अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पिछले 4 दिन से नंदलाल ग्राउंड में तैयारियां चल रही है। ग्राउंड में उगे घास की जीरो कटिंग की गई। सफाई कर ग्राउंड को सुंदर रूप दिया गया। इसके बाद उन्होंने वार्ड 7 में सेक्टर 17 की मार्केट, वार्ड 18 के फर्कपुर में अपना मंच पार्क, वार्ड 8 के नेहरू पार्क, वार्ड 15 के रेलवे स्टेशन चौक समेत विभिन्न स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समारोह स्थलों पर बेहतर मंच, स्वच्छता संबंधित रंगोली, बेहतर साउंड सिस्टम, मैट, कुर्सियां, पीने के पानी की व्यवस्था, डस्टबिन आदि का इंतजाम हो। समारोह में आने वाले हर नागरिक को बेहतर सुविधा मिले। मेगा सफाई अभियान के लिए झाड़ू, तसले, छोटे व बड़े बोरे, हुक्स स्टिक, मास्क, ग्लव्स, गमबूट, ट्रैक्टर ट्रॉली, रिक्शा आदि सामान के इंतजाम करें। नोडल अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सभी सामान का इंतजाम कर लिया गया है। सुबह साढ़े 6 बजे तक सभी समारोह स्थल पर सामान पहुंच जाएगी। समारोह स्थल की हर तैयारी पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को समय से पहले बची हुई सभी तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देश दिए कि हर समारोह जीरो वेस्ट हो। कहीं भी कचरा न हो। उन्होंने आमजन से अपील की कि 25 सितंबर यानि वीरवार को हर नागरिक सुबह 7 बजे से 9 बजे तक इस अभियान में शामिल हो।