जम्मू और कश्मीर से हाल में चुने गए तीन नए सदस्यों ने सोमवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।
शीतकालीन सत्र के पहले दिन राष्ट्रगान की धुन के साथ शुरू हुई उच्च सदन की बैठक की कार्यवाही प्रारंभ होते ही सभापति सी पी राधाकृष्णन ने घोषणा कि राज्यसभा के लिए जम्मू कश्मीर से निर्वाचित तीन सदस्य सदन की सदस्यता की शपथ लेंगे।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता चौधरी मोहम्मद रमजान, सज्जाद अहमद किचलू और पार्टी कोषाध्यक्ष गुरविंदर सिंह ओबेरॉय ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। रमजान ने कश्मीरी में और किचलू ने उर्दू में शपथ ली, वहीं ओबेरॉय ने पंजाबी में शपथ ग्रहण की।
सदन के सदस्यों ने मेजें थपथपा कर तीनों नए सदस्यों का स्वागत किया। पिछले महीने हुए चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर की 3 राज्यसभा सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि चौथी सीट भाजपा ने जीती थी।