बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन के समीप सुभाष कॉलोनी इलाके में एक हृदयविदारक घटना सामने आई। कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने अपनी मासूम बेटी के साथ जान गंवा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत महिला की पहचान रेनू के रूप में हुई है। वह सुबह अपने छह वर्षीय बेटे लक्ष्य को स्कूल छोड़ने गई थी, इस दौरान उसकी 3 साल की बेटी भी उसके साथ थी। स्कूल से लौटने के बाद महिला रेलवे लाइन की ओर गई, जहां उसने बच्ची के साथ अत्यंत दुखद कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल इस घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और परिजनों से पूछताछ के साथ सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।