पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 जनवरी को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस को लेकर जिला यमुनानगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल जिले में लगाए गए पुलिस नाकों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दे रहे हैं। जिला यमुनानगर भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, क्योंकि यह एक ओर हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटा हुआ है, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमाएं भी लगती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
उत्तर प्रदेश से हरियाणा में प्रवेश करने वाले प्रमुख कलानौर बॉर्डर पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हर वाहन की गहनता से जांच की जा रही है और आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। कलानौर चौकी इंचार्ज राजीव कुमार ने बताया कि उनकी टीम लगातार बॉर्डर पर तैनात है और 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध वाहनों, दोपहिया वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की विशेष रूप से जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के अंदर भी प्रमुख चौराहों, बाजारों, सरकारी भवनों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। गश्त बढ़ा दी गई है और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय रखा गया है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। गणतंत्र दिवस का पर्व जिले में पूरी शांति, सौहार्द और उत्साह के साथ मनाया जाएगा, इसके लिए पुलिस हर स्तर पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है।