पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिला पुलिस को अवैध हथियार रखने वालों पर नकेल कसने के सख्त निर्देश दिए हुए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्यवाही करते हुए पुलिस चौकी घोड़ो पिपली की टीम ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर किया जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
इन्चार्ज अनूप कुमार ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव टापू माजरी के पास एक युवक अवैध हथियार के साथ किसी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहा है। इस सूचना के आधार पर एएसआई सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर जाकर वहां घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया। जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में जिसकी पहचान जिला सहारनपुर के गांव देवला निवासी सूरज पुत्र सुरेंद्र के नाम से हुई है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड क्या है और कहीं वह किसी आपराधिक गिरोह से तो नहीं जुड़ा हुआ।
थाना प्रबंधक बुढ़िया उप निरीक्षक सतीश कुमार ने कहा कि अवैध हथियार समाज में अपराध और असुरक्षा को बढ़ावा देते हैं। जिला पुलिस इस तरह के अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी को अवैध हथियार रखने या उनकी खरीद-फरोख्त से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी। पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा ताकि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।