
दिल्ली, यूपी और बिहार में मरीजों की संख्या 10,000 के पार, अस्पतालों में बेड की कमी:
देश के कई राज्यों में डेंगू संक्रमण तेजी से फैल रहा है। मानसून के आते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और बंगाल जैसे राज्यों में हजारों लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। अकेले दिल्ली में अब तक 2,800 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जबकि बिहार में यह संख्या 4,000 के पार पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, डेंगू के कारण अस्पतालों में बिस्तरों की कमी हो गई है। मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतज़ार करना पड़ रहा है। खासकर प्लेटलेट्स की भारी कमी देखी जा रही है।
डेंगू के लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द और त्वचा पर लाल चकत्ते शामिल हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि डेंगू का “हैमरेजिक वेरिएंट” इस बार ज़्यादा गंभीर हो सकता है, जिसमें प्लेटलेट्स गिरने की गति अधिक होती है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य सरकारों को एडवाइजरी जारी की है और नगर निगमों को फॉगिंग व साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। डॉक्टरों की मानें तो “डेंगू से बचने का सबसे बेहतर तरीका है साफ-सफाई, जलजमाव रोकना और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना।”