पटना दीवानी अदालत को बम से उड़ाने की धमकी वाला E-Mail मिलने के बाद बृहस्पतिवार को अदालत परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पटना (मध्य)की पुलिस अधीक्षक (SP) दीक्षा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि तलाशी अभियान आम लोगों को किसी तरह की असुविधा पहुंचाए बिना पूरा किया गया। प्रथम दृष्टया मेल में दी गई धमकी झूठी प्रतीत होती है।
SP ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह पटना दीवानी अदालत के एक वरिष्ठ न्यायाधीश को धमकी भरा E-Mail प्राप्त हुआ, जिसमें अदालत परिसर के भीतर विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और बम निरोधक दस्ता तथा खोजी कुत्तों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। दीक्षा ने बताया कि अदालत परिसर के भीतर स्थित सभी कार्यालयों की गहन जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर परिसर में आगंतुकों की तलाशी ली जा रही है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर प्रकोष्ठ की भी मदद ली जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पटना दीवानी अदालत की सुरक्षा का ऑडिट कराने का फैसला लिया गया है।