संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने कहा है कि ईरान में मौजूद संयुक्त राष्ट्र के 500 से अधिक कर्मचारी सुरक्षित हैं और सभी का पता लगा लिया गया है। संयुक्त राष्ट्र के Spokesperson Stephane Dujarric ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि देशभर में फैली अशांति और सैकड़ों प्रदर्शनकारियों की मौत के चलते कई कर्मचारी घर से ही काम कर रहे हैं। ईरान में संयुक्त राष्ट्र की टीम में 46 विदेशी और 448 स्थानीय कर्मचारी शामिल हैं।
वहीं ईरान की Supreme National Security Council के सचिव और वहां की संसद के पूर्व अध्यक्ष अली लारजियानी ने देश में हिंसक प्रदर्शनों में दखलंदाजी करने की ट्रंप की ताजा धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंगलवार को कहा कि ईरानी नागरिकों की मौत के जिम्मेदार अमेरिका और इजराइल होंगे। इस बीच, रूस के विदेश मंत्रालय ने ईरान पर हमले की अमेरिका की धमकी को स्पष्ट रूप से अस्वीकार्य बताया।
मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में आगाह किया कि इस तरह के किसी भी हमले से पश्चिम एशिया और वैश्विक सुरक्षा के लिए भयावह परिणाम होंगे। मंत्रालय ने ईरान से व्यापार करने वालों पर व्यापार शुल्क बढ़ाने की अमेरिकी घोषणा को ब्लैकमेल करने का प्रयास बताया। बयान में कहा गया है कि पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के परिणामस्वरूप पैदा हुईं सामाजिक व आर्थिक समस्याओं के कारण ईरान में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।