आंध्र प्रदेश के पोलावरम जिले में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। देवरापल्ली स्थित एक सरकारी आदिवासी कल्याण विद्यालय में रविवार को नाश्ते में परोसी गई इडली और चटनी खाने के बाद 74 छात्र-छात्राएं बीमार हो गए। पुलिस के अनुसार, विद्यालय में कुल 255 विद्यार्थियों ने नाश्ता किया था, जिसके बाद कई बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, जिससे विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
रम्पाचोड़वरम के उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) साई प्रशांत ने बताया कि 18 छात्रों को मरदुमिली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य बीमार छात्रों को रम्पाचोड़वरम क्षेत्रीय अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सभी छात्रों में हल्के स्तर की फूड पॉइजनिंग पाई गई है। राहत की बात यह है कि किसी भी छात्र की हालत गंभीर नहीं है और सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने रम्पाचोड़वरम क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती छात्रों के इलाज की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर से पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं
खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन की टीम ने नाश्ते के सैंपल एकत्र कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भोजन में किसी प्रकार की मिलावट या संक्रमण था या नहीं। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी साई प्रशांत के अनुसार, बीमारी के वास्तविक कारणों का खुलासा प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा