उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि राज्य में विकसित भारत-विकसित उप्र अभियान को हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है। योगी आदित्यनाथ यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़े के तहत नमो मैराथन की शुरुआत करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबंधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया और मुझे प्रसन्नता है कि अभियान को उत्तर प्रदेश के हर वर्ग का भारी समर्थन प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा, हमें अपने गांव, कस्बे और नगर को भी विकसित बनाना है और विकसित होने की कुंजी है आत्मनिर्भरता में, आत्मनिर्भरता की कुंजी है स्वस्थ समाज में और स्वस्थ समाज की कुंजी नमो मैराथन जैसे कार्यक्रमों में हैं। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा पखवाड़ा की शुरुआत मध्य प्रदेश के धार से की थी और उनकी धारणा है कि नारी स्वस्थ रहेगी तो युवा भी स्वस्थ होगा, मां स्वस्थ होगी तो बच्चा भी स्वस्थ होगा, मां स्वस्थ होगी तो समाज भी स्वस्थ होगा, परिवार सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी और सशक्त परिवार की अवधारणा पर आधारित इस कार्यक्रम ने पूरे देश में एक कीर्तिमान स्थापित किया।
भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विराट रक्तदान शिविर के साथ इसे ऊंचाई प्रदान की और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता विकसित भारत की इस अवधारणा को लेकर आगे बढ़ रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आह्वान किया था कि विकसित भारत हमारा संकल्प बने, हमारे जीवन का मंत्र बने और विकसित भारत के निर्माण में पंच प्राण को ध्यान में रखते हुए अपनी कार्य योजना को आगे बढ़ाना चाहिए। उप्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि गुलामी के अंशों को समाप्त करना होगा, अपनी विरासत का सम्मान करना होगा। सेना, फौज और वर्दी के प्रति सम्मान का भाव रखना होगा। सामाजिक समता के निर्माण के लिए अपनी पूरी ताकत को लगाना होगा। उन्होंने कहा कि अपने नागरिक कर्तव्यों का हम ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करेंगे।