कर्मचारी राज्य बीमा निगम श्रमिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा में अपने योगदान के 75वें वर्ष को मना रहा है। इस अवसर को मनाने की तैयारी में जुटे ई एस आई सी क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय निदेशक सुगन लाल मीना ने बताया कि 24 फरवरी 1952 से प्रारम्भ यह सफर नईं ऊंचाईयों को प्राप्त कर रहा है। योजना के प्रथम मानद बीमाकृत व्यक्ति तत्कालीन व प्रथम प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने इस योजना को कानपुर तथा दिल्ली में एक साथ लागू किया, उस समय इन 2 क्षेत्रों से लागू हुई यह योजना नए सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 के लागू होने से पूरे राष्ट्र में लागू हो गई है।
निगम द्वारा हरियाणा राज्य में चिकित्सा हितलाभ के लिए 94 औषधालय, 7 अस्पताल जिसमें से एक चिकित्सा महाविद्यालय भी है तथा 67 निजी अस्पतालों के साथ सुपर स्पेशलिटी उपचार के लिए अनुबंध किया है। इसके अतिरिक्त हरियाणा प्रदेश में कुल19 शाखा कार्यालयों के माध्यम से नगद हित लाभ प्रदान किया जा रहे हैं पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान कुल 143.26 करोड़ रुपए के नकद हितलाभ का वितरण किया गया और चिकित्सा हितलाभ में 740.9 करोड़ रुपए व्यय किए गए। हरियाणा प्रदेश में इस अवधि के दौरान लगभग 30 लाख बीमाकृत व्यक्ति पंजीकृत रहे।
निगम के बावल में 150 बेड अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर तथा बहादुरगढ़ में 100 बेड अस्पताल का निर्माण पूर्ण होने वाला है तथा हिसार में 100 बेड, सोनीपत में 150 बेड, रोहतक में 100 बेड एवं करनाल में 30 बेड अस्पताल खोलने का प्रस्ताव है । साथ ही मानेसर में 500 बेड अस्पताल एवं चिकित्सा महाविद्यालय खोला जाना प्रस्तावित है ।
स्थापना दिवस 24 फरवरी से शुरू होकर 10 मार्च तक क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा में एसिक पखवाड़ा मनाया जाएगा। जिसमें बीमाकृत व्यक्तियों एवं हितलाभधिकारियों के लिए सुविधा समागम आयोजित करना, उनका हेल्थ चेकअप करना, लंबित नगद लाभों के मामलों को निपटाना एवं अन्य कार्यक्रम जैसे स्वच्छता अभियान, निवारक चिकित्सा जांच, योग अभ्यास, कार्यशाला, सेमिनार आदि का आयोजन किया जाएगा । कर्मचारी राज्य बीमा निगम श्रमिकों को चिकित्सा, बीमारी, अपंगता, आश्रितजन तथा मातृत्व हितलाभ जैसे कईं हितलाभ प्रदान करने वाली एक संस्था है।