सेंट कोलंबस नेशनल स्कूल में 14 फरवरी 2026 को विद्यार्थियों की प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘ग्रेजुएशन डे’ समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। यह अवसर नन्हे विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा के प्रथम चरण की सफल पूर्णता तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक बना। शाखा प्रमुख रुचि वालिया ने मुख्य अतिथि का पौधा भेंट कर स्वागत किया तथा स्वागत भाषण के माध्यम से विद्यालय की उपलब्धियों एवं विद्यार्थियों की प्रगति पर प्रकाश डाला। समारोह में अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कक्षा U.K.G. के छात्र यथार्थ सिंह राजपूत एवं सक्षम सुंदरियाल ने प्रभावशाली अंग्रेज़ी भाषण प्रस्तुत किया। अहमर हुसैन एवं प्रियांसी सेन ने भी आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुति दी। नयेसा सिंह ने अपनी मधुर आवाज़ में गीत प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य रंगारंग कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। तत्पश्चात विद्यार्थियों को शैक्षणिक परिधान (रेगलिया) में ‘ग्रेजुएशन’ उपाधि प्रदान की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ‘Star of the Month’ सम्मान से भी अलंकृत किया गया। विराज सिंगल द्वारा प्रस्तुत ‘गुडबाय लाइन’ ने सभी को भावुक कर दिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि संगीता भाटी ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को पर्याप्त समय एवं संस्कार दें, ताकि वे जीवन में कर्तव्यनिष्ठ, संस्कारवान एवं सफल नागरिक बन सकें। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशिका एवं मुख्य अतिथि संगीता भाटी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।