दयाल बाग स्थित सेंट कोलंबस स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य, गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उल्लास, उमंग एवं आत्मीय भावनाओं से सराबोर दिखाई दिया। इसके पश्चात विद्यालय के अध्यक्ष महोदय ऋषि चौधरी तथा निदेशिका महोदया संगीता भाटी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया । साथ ही विद्यार्थियों का रोली-चंदन से तिलक कर उनका आत्मीय एवं स्नेहपूर्ण स्वागत किया गया। यह क्षण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत भावुक एवं स्मरणीय रहा। विद्यालय से विदा लेते विद्यार्थियों के चेहरों पर जहाँ एक ओर बिछुड़ने की उदासी झलक रही थी, वहीं दूसरी ओर अपने उज्ज्वल भविष्य को लेकर आत्मविश्वास और उत्साह भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।

कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठों के सम्मान में नृत्य एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को आनंदमय बना दिया। वहीं कक्षा 12 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक साड़ियों में सजी बालिकाएँ तथा सूट-बूट में सुसज्जित बालक अत्यंत आकर्षक लग रहे थे और विद्यालय की गरिमा में चार चाँद लगा रहे थे। इस अवसर पर कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयी जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने शैक्षिक सफर के खट्टे-मीठे पलों को स्मरण करते हुए भावनात्मक क्षण प्रस्तुत किए। कभी ठहाकों की गूंज सुनाई दी तो कभी नम आँखों ने भावनाओं की गहराई को प्रकट किया।
इसी क्रम में शैक्षिक निरीक्षिकाओं द्वारा प्रेरणादायक संबोधन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति सजग रहने, निरंतर परिश्रम करने तथा आत्मविश्वास के साथ जीवन-पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यह भाषण विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ। विद्यार्थियों के विशेष आग्रह पर वरिष्ठ कक्षाओं की अध्यापिकाओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। कार्यक्रम को और अधिक स्मरणीय बनाने हेतु विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियों से सम्मानित किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण पावन एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।