Faridabad : जेसी बोस वाईएमसीए यूनिवर्सिटी में 57वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर छात्र क्लबों द्वारा इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स में ड्रोन, सोलर व्हीलचेयर,स्टूडेंट्स द्वारा तैयार रेसिंग कार सहित कई आई ओटी और रोबोटिक्स आधारित प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए गए।
यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रो. राकेश कुमार मुद्गल ने कहा कि किसी शैक्षणिक संस्थान की आत्मा उसका शिक्षण है, जबकि भौतिक संरचना उसका शरीर है। उन्होंने फरीदाबाद के औद्योगिक विकास में विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक भूमिका की सराहना की और इसकी गौरवशाली विरासत को पुनर्जनन करने का आह्वान किया ताकि इसे देश का शीर्ष संस्थान बनाया जा सके। उन्होंने अगले चक्र में नैक ए प्लस प्लस मान्यता प्राप्त करने और अनुसंधान व बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्रीय अनुदान प्राप्त करने के बारे में जानकारी दी।
वाईएमसीए मॉब के अध्यक्ष सरदार सुखदेव सिंह ने फरीदाबाद के औद्योगिक केंद्र में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के प्रतीक के रूप में संस्थान की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने 10,000 से अधिक पूर्व छात्रों के योगदान को रेखांकित किया, जिनमें से अधिकांश विनिर्माण क्षेत्र में नेतृत्वकारी भूमिकाओं में हैं, और जे.सी. बोस टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर, जयंती गेट, छात्रवृत्ति, और प्लेसमेंट प्रयासों में एसोसिएशन के योगदानों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि छात्र शिक्षकों का सम्मान करें। साथ ही, आर्थिक कारणों से फीस न दे पाने वाले छात्रों को उन्होंने आश्वासन दिया कि वे फीस की चिंता न करें और पढ़ाई पर ध्यान दें। एसोसिएशन आपको सहयोग करेगी।