विश्व की नंबर 1 खिलाड़ी एंड्रिया बेसेरा (कंपाउंड) और ब्रैडी एलिसन (रिकर्व) उन 48 शीर्ष तीरंदाजों में शामिल हैं जो 2 से 12 अक्टूबर तक यहां यमुना खेल परिसर में होने वाली पहली तीरंदाजी प्रीमियर लीग (एपीएल) में प्रतिस्पर्धा करेंगे। यह पहला फ्रेंचाइजी आधारित टूर्नामेंट है। छह टीम की लीग में शामिल अन्य शीर्ष विदेशी तीरंदाजों में दुनिया छठे नंबर के खिलाड़ी मैक्सिको के मटियास ग्रांडे (रिकर्व) और महिला नंबर एक खिलाड़ी नीदरलैंड की माइक श्लोसेर (कंपाउंड) शामिल हैं। भारतीय तीरंदाजों का चयन विश्व रैंकिंग के साथ-साथ भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) के हालिया चयन ट्रायल के आधार पर किया गया।
रिकर्व में विश्व की तीसरे नंबर की खिलाड़ी दीपिका और विश्व के 14वें नंबर के खिलाड़ी धीरज बोम्मदेवरा अनुभवी तरुणदीप राय और अतनु दास के साथ भारत के शीर्ष खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। अन्य महिला रिकर्व तीरंदाजों में अंकिता भकत और भजन कौर शामिल हैं जबकि पुरुषों की टीम में नीरज चौहान, राहुल, रोहित कुमार, मृणाल चौहान, सचिन गुप्ता और कृष कुमार शामिल हैं। कंपाउंड वर्ग में विश्व रिकॉर्डधारी ज्योति सुरेखा वेन्नम (नंबर 3) और विश्व नंबर नौ ऋषभ यादव भारतीय खिलाड़ियों की अगुआई कर रहे हैं। उनके साथ अनुभवी अभिषेक वर्मा (नंबर 10), प्रथमेश भालचंद्र फुगे (नंबर 11), प्रियांश (नंबर 16) और परनीत कौर (नंबर 17) शामिल हैं।
अन्य खिलाड़ियों में अमन सैनी, ओजस देवताले, साहिल राजेश जाधव और चिट्टीबोम्मा जिग्नास पुरुषों का प्रतिनिधित्व करेंगे जबकि पृथिका प्रदीप, अवनीत कौर और मधुरा धमनगांवकर महिला वर्ग का हिस्सा हैं। AAI द्वारा शुरू की गई APL में छह टीम पृथ्वीराज योद्धा (दिल्ली), राजपुताना रॉयल्स (राजस्थान), चोला चीफ्स (तमिलनाडु), काकतीय नाइट्स (तेलंगाना), चेरा आर्चर्स (झारखंड) और माइटी मराठा (महाराष्ट्र) होंगी। प्रत्एक टीम में पुरुष और महिला खिलाड़ी मिलाकर 8 तीरंदाज होंगे जिसमें 6 भारतीय और 2 विदेशी खिलाड़ी होंगे। लीग की कुल पुरस्कार राशि 2 करोड़ रुपए है।
8 दौर के खिलाड़ियों के ड्राफ्ट के बाद बृहस्पतिवार को टीमों का चयन किया गया। प्रत्एक टीम में 8 सदस्य हैं जिसमें 4 पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। टीमों में अधिकतम 2 विदेशी तीरंदाज शामिल हो सकते हैं जिनमें से कम से कम एक को खेलने वाले चार खिलाडयि़ों हिस्सा बनाना होगा। लीग के अनूठे प्रारूप में रिकर्व और कंपाउंड दोनों तीरंदाज एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करते नजर आएंगे। रिकर्व और कंपाउंड दोनों ही रेंज ओलंपिक स्तर की होंगी जो क्रमश: 70 मीटर और 50 मीटर की होगी। यह प्रतियोगिता दूधिया रोशनी में खेली जाएगी। लीग में रिकर्व और कंपाउंड में मिश्रित टीम के मुकाबले देखने को मिलेंगे।