टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय करूर भगदड़ मामले के संबंध में दूसरे दौर की पूछताछ के लिए सोमवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के मुख्यालय में पेश हुए। अधिकारियों ने बताया कि अभिनेता आज सुबह लग्जरी एसयूवी के काफिले में लोधी रोड स्थित एजेंसी के मुख्यालय पहुंचे।
उन्होंने बताया कि आज उनसे एजेंसी की भ्रष्टाचार रोधी इकाई से चुने गए एक उप अधीक्षक पद के अधिकारी के नेतृत्व में अधिकारियों की एक टीम द्वारा पूछताछ की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि विजय से 12 जनवरी को CBI मुख्यालय में 6 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई थी। उन्हें पिछले मंगलवार को फिर से आने के लिए कहा गया था, लेकिन अभिनेता ने पोंगल का हवाला देते हुए दूसरी तारीख मांगी।
उच्चतम न्यायालय के एक आदेश के बाद संघीय एजेंसी ने विशेष जांच दल (एसआईटी) से इस मामले को अपने हाथ में ले लिया। वह 27 सितंबर, 2025 को तमिलनाडु के करूर में हुई भगदड़ से संबंधित सबूत जुटा रही है, जिसमें 41 लोगों की जान चली गई थी और 60 से अधिक लोग घायल हो गए थे।