भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां का बार-बार अपमान करना कांग्रेस की घृणित मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी राजनीतिक पार्टियों को जनता से करारा जवाब मिलेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा पटना में 1 समारोह को संबोधित करते हुए की विपक्ष को गैर-जिम्मेदार और सत्ता का भूखा करार दिया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर मतदाता सूची में हेराफेरी के आरोपों में असंगतता का आरोप लगाया।
नड्डा ने पिछले महीने वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में हुई घटना और विपक्षी दल द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक एआई-जनरेटेड वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि मोदी की दिवंगत मां को किसी ऐसे व्यक्ति द्वारा अपशब्द कहे गए। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का नया वीडियो इस बात की पुष्टि करता है कि उनकी मानसिकता कितनी गंदी है। नड्डा ने कहा, विपक्ष को जनता से करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर आपत्ति जताने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की भी आलोचना की और कहा कि महाराष्ट्र के बारे में उनके आरोप कभी भी एक जैसे नहीं रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कभी वह (राहुल गांधी) आरोप लगाते हैं कि पिछले साल विधानसभा चुनावों से पहले 70 लाख मतदाता जोड़े गए थे, तो कभी वह यह संख्या एक करोड़ बताते हैं। नड्डा ने जोर देकर कहा कि वह 2005 तक राज्य में व्याप्त अराजकता के प्रत्यक्षदर्शी रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता में आया और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने तो स्थिति सुधारी। नड्डा ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राजग के शासन में बिहार दोहरे अंकों की विकास दर दर्ज कर रहा है और जो लोग दसवीं कक्षा तक भी नहीं पहुंच पाए, वे इस तथ्य की सराहना नहीं कर सकते।