इंडियन नेशनल लोकदल के जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने कहा है कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क है, जो यह कहते है, उसे कभी पूरा नहीं करते, जबकि इतिहास गवाह है कि इनेलो पार्टी ने सदैव गरीब, पिछड़े, दलित और सर्व समाज की आवाज बुलंद की है और आज वह बड़ौली गांव के लोगों को आश्वासन देते है कि उनके हक-हकूक की आवाज को पुरजोर तरीके से बुलंद करेंगे और उनके आशियाने किसी कीमत पर नहीं टूटने देंगे।
रुपचंद लाम्बा शनिवार को गांव बड़ौली में घर बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर जारी धरने-प्रदर्शन में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। लाम्बा ने कहा कि बेशक केंद्रीय राज्य मंत्री व राज्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वासन दे दिया है, लेकिन जब तक सरकार यहां के मकानों को तोडऩे के लिए नोटिफिकेशन जारी नहीं करती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा सरकार शहर का विकास करने के बजाए लोगों के घरों को उजाडऩे का काम कर रही है, फरीदाबाद में वर्षो से बसी हुई कालोनियों व गांवों को राजनैतिक द्वेष भावना के तहत उजाडऩे का प्रयास किया जा रहा है, पहले गांव खोरी, फिर अनंगपुर और अब बड़ौली में सरकार तोडफोड़ की मंशा बना रही है, लेकिन इनेलो पार्टी भाजपा सरकार की इस मुहिम को कभी सफल नहीं होने देंगे और ग्रामीणों के आशियाने बचाने के लिए सरकार के खिलाफ बड़ा जनांदोलन चलाने से भी गुरेज नहीं करेगी।
बड़ौली गांव 900 साल पुराना गांव है। यह गांव देशभक्तों और हिन्दुस्तानियों का गांव है और यहां लोग भाईचारे और शांति से जीवन यापन कर रहे है, फिर सरकार क्यों इन लोगों को उजाडऩे पर तुली है। इससे पूर्व धरने पर पहुंचने पर इनेलो जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा का ग्रामीणों ने इनेलो पार्टी की ओर से समर्थन देने पर उनका आभार जताया। इस अवसर पर वीरपाल गुर्जर, रोहताश चौधरी, सुरेश वर्मा, पथराम सूबेदार, संजय पांचाल, महावीर मास्टर दयालपुर, सुमेर सिंह जवां, श्मशेर शर्मा सहित अनेकों गणमान्य लोग मौजूद थे।