उपायुक्त प्रीति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाए और समय पर पुलिस चालान अदालत में प्रस्तुत किए जाएं, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। बुधवार को डीसी कार्यालय में चिन्हित अपराधों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने महिला अपराध, पोक्सो एक्ट, हत्या, दुष्कर्म और छेड़छाड़ जैसे गंभीर मामलों की समीक्षा की।
उपायुक्त ने सभी विभागों से मामलों की विस्तृत जानकारी लेते हुए त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय पर जोर दिया। बैठक में जिला न्यायवादी धर्मचंद ने बताया कि पोक्सो एक्ट के मामलों में तेजी से कार्रवाई की जा रही है, ताकि दोषियों को जल्द सजा दिलाई जा सके। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, जेल अधीक्षक सत्येंद्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह, जिला कल्याण अधिकारी अनु बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।