सेंट कोलंबस स्कूल, दयाल बाग, फरीदाबाद में वार्षिक खेल समारोह 2025–26 का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ किया गया। इस खेल-प्रतियोगिता के वार्षिक समारोह की शोभा मुख्य अतिथि हरिंदर भड़ाना (काउंसिलर, एम॰ सी॰ एफ़॰, फरीदाबाद) ने बढ़ाई। विद्यालय के प्रांगण में आयोजित यह तीन दिवसीय खेल समारोह का आयोजन दिनांक 21 जनवरी 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस वार्षिक खेल समारोह का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष महोदय ऋषि चौधरी जी की अगुआई में किया गया। निदेशिका संगीता भाटी द्वारा‘कोलंबियन एथलेटिक मीट’ की मशाल प्रज्ज्वलित की गई।
इसके उपरांत छात्रों ने खेल भावना की शपथ ली। समारोह के अंतर्गत 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1 किलोमीटर, जैवलिन थ्रो,हाई जंप,रिले रेस तथा फ़न रेस जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बनता था। विद्यालय के अध्यापकगण भी इस खेल समारोह में उत्साहपूर्वक प्रतिभागी बने। अपने शिक्षकों को खेलों में भाग लेते देखकर विद्यार्थियों का उत्साह और भी बढ़ गया। मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस खेल समारोह में विद्यालय के छह सदनों—अल्फा, बीटा, डेल्टा, गामा,ओमेगा एवं सिग्मा सदन—के अंतर्गत विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेलों के प्रति रुचि, साहस, उत्साह, धैर्य, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। निष्पक्ष निर्णय एवं नियमों के पालन के साथ ‘स्पोर्ट्स रोलिंग ट्रॉफी 2025–26’ डेल्टा सदन को प्रदान की गई। यह ट्रॉफी सदनाध्यक्ष सुनीता जोशी के मार्गदर्शन में कप्तान नैतिक राठी एवं उपकप्तान लावन्या को सौंपी गई। ट्रॉफी प्राप्त करते समय डेल्टा हाउस के विद्यार्थियों के चेहरे गर्व से दमक उठे।
मुख्य अतिथि हरिंदर भड़ाना ने विद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि सेंट कोलंबस स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं तथा विदेशों की धरती पर जाकर अपनी जीत का परचम लहराते हैं। निदेशिका संगीता भाटी ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें विद्यालय की ओर से मोमेंटो (स्मृति-चिह्न) भेंट किया। समापन भाषण में अध्यक्ष ऋषि चौधरी जी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का संचार करते हैं। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच को भी विकसित करते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन एवं अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेकर ही विद्यार्थी सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर हो सकते हैं।
इसके पश्चात निदेशिका महोदया द्वारा ‘कोलंबियन एथलेटिक मीट मशाल’ को बुझाया गया एवं राष्ट्रगान के साथ तीन दिवसीय वार्षिक खेल समारोह का विधिवत समापन किया गया।