मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में बजट 2026 पेश किया। सरकार ने बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों को प्राथमिकता देने का दावा किया। वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित करते हुए कृषि क्षेत्र पर खास फोकस रखा गया। बजट में तीन साल की योजना और पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन पर जोर दिया गया। इस बार रोलिंग बजट पेश किया गया, जिसमें 2028–29 तक की झलक शामिल है। मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना के लिए 21,630 करोड़ रुपये मंजूर किए गए।
कृषि क्षेत्र में 25 हजार करोड़ रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य तय किया गया। जनजातीय क्षेत्रों के लिए धरती आबा योजना में 793 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया। दिव्यांगजन कल्याण के लिए 2,857 करोड़ और श्रम विभाग के लिए 1,335 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। युवा कल्याण के तहत छात्रवृत्ति के लिए 986 करोड़ रुपये रखे गए। लाड़ली बहना योजना के लिए 23,842 करोड़ और महिला योजनाओं पर कुल 1.27 लाख करोड़ रुपये प्रस्तावित।
सिंचाई, सड़क और जल परियोजनाओं सहित अधोसंरचना पर हजारों करोड़ का प्रावधान किया गया। जल जीवन मिशन के लिए 4,453 करोड़ और ऊर्जा क्षेत्र में नई बिजली इकाई की घोषणा की गई। स्वास्थ्य क्षेत्र में नए मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग भर्तियों पर जोर दिया गया। सिंहस्थ महापर्व के लिए 3,060 करोड़ रुपये का विशेष बजट तय किया गया।